रायगढ़

नगरीय निकाय चुनाव से पहले रायगढ़ पुलिस का शक्ति प्रदर्शन, जिलेभर में निकाला फ्लैग मार्च…

रायगढ़, 08 फरवरी। आगामी 11 फरवरी को होने वाले नगरीय निकाय चुनाव को लेकर रायगढ़ पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से आज जिला मुख्यालय सहित सभी नगर पंचायतों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। इस अभियान का मकसद आम जनता में सुरक्षा का भरोसा जगाना और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देना था।

जिला मुख्यालय में पुलिस की सख्त उपस्थिति : रायगढ़ जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से फ्लैग मार्च की शुरुआत हुई। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला, प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मेहर, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम सिंह, नगर निरीक्षक और थाना बल मौजूद रहा। पैदल गश्त के माध्यम से पुलिस बल ने पूरे शहर में भ्रमण कर मतदाताओं को यह भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी डर या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

नगर पंचायतों में भी दिखी पुलिस की मुस्तैदी : जिले के सभी नगर पंचायतों में भी पुलिस और प्रशासन की सख्त उपस्थिति नजर आई

  • घरघोड़ा नगर पंचायत में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम के नेतृत्व में डीएसपी सुशांतो बनर्जी और पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया।
  • खरसिया नगर पालिका सहित किरोडीमल नगर, धरमजयगढ़, लैलूंगा और पुसौर नगर पंचायतों में भी एसडीओपी, एसडीएम और पुलिस बल की निगरानी में फ्लैग मार्च निकाला गया।

मतदाताओं में बढ़ा आत्मविश्वास, असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश : पुलिस द्वारा किए गए इस शक्ति प्रदर्शन से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने का प्रयास किया गया। इस दौरान आम नागरिकों को आश्वस्त किया गया कि वे बिना किसी भय के मतदान करें और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। वहीं, असामाजिक तत्वों को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

रायगढ़ पुलिस और प्रशासन की यह व्यापक रणनीति सुनिश्चित करती है कि जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव संपन्न हो सके। पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार है।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!