दुर्ग

दुर्ग: प्रतिबंधित ओवर ब्रिज पर तेज रफ्तार हाईवा ने मचाया कहर, बीएसपी कर्मचारी गंभीर घायल…

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार और ओवरलोड हाईवा ने एक बाइक सवार बीएसपी कर्मचारी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित हाईवा लोहे के पोल से टकरा गया, जिससे उसका आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व परिचालक केबिन में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला।

प्रतिबंधित क्षेत्र में हाईवा के प्रवेश से बढ़ी चिंता : यह हादसा टाउनशिप और पावर हाउस को जोड़ने वाले ओवर ब्रिज पर हुआ, जहां भारी वाहनों की आवाजाही पहले से ही प्रतिबंधित है। जानकारी के अनुसार, हाईवा सेक्टर 1 से नंदिनी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह ब्रिज से नीचे उतरा, तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे बीएसपी कर्मचारी को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सेक्टर 9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर उठे सवाल : इस हादसे ने प्रशासन और यातायात विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारी वाहनों के प्रतिबंध के बावजूद हाईवा का इस मार्ग पर आना लापरवाही को दर्शाता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वाहन प्रतिबंधित क्षेत्र में कैसे पहुंचा।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)
Back to top button
error: Content is protected !!