बिलासपुर

निर्माणाधीन भवन की छत गिरी, चार मजदूर गंभीर रूप से घायल ; जांच जारी…

बिलासपुर। सिरगिट्टी इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। साईं बैग्स उद्योग के लिए बनाए जा रहे निर्माणाधीन भवन की पहली मंजिल की छत ढलाई के दौरान अचानक भरभरा कर गिर गई। हादसे में छत पर काम कर रहे चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ऐसे हुआ हादसा : घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पहली मंजिल की छत की ढलाई के दौरान मजदूर और मिस्त्री वाइब्रेटर का उपयोग कर रहे थे। इस दौरान सेंट्रिंग प्लेट को सहारा देने वाली कमजोर बल्लियां अचानक टूट गईं और पूरी छत गिर गई। हादसे में राजकुमारी, मोनू ध्रुव, अशोक साहू और दुर्गेश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी : हादसे के बाद स्पष्ट हुआ कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था। सेंट्रिंग में कमजोर बल्लियों का उपयोग किया गया था, जिससे वह भार सहन नहीं कर पाईं। मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था, जिससे हादसे के दौरान वे सीधे नीचे गिर गए।

पुलिस ने शुरू की जांच : घटना की जानकारी मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मजदूरों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। लापरवाही के लिए ठेकेदार और मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मजदूरों की स्थिति गंभीर : घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी मजदूरों को गहरी चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

निर्माण कार्य में लापरवाही पर उठे सवाल : इस हादसे ने निर्माण कार्य में सुरक्षा उपायों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। बिना मजबूत बल्लियों और सुरक्षा उपकरणों के निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिससे मजदूरों की जान जोखिम में पड़ गई।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग : स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!