रायपुर

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की; अंत्योदय का संकल्प हमें समाज के हर वर्ग के उत्थान की प्रेरणा देता है-मुख्यमंत्री

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में महान विचारक, प्रखर राष्ट्रवादी और एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी विचारधारा को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और अंत्योदय की अद्वितीय मिसाल है। उनका यह सिद्धांत कि समाज के सबसे अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँचे, हम सभी को निरंतर प्रेरित करता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा हमें छत्तीसगढ़ को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देती है। उनका एकात्म मानववाद का दर्शन समाज में समानता, समरसता और विकास के अवसर प्रदान करने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए अंत्योदय के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से प्रेरित होकर हम प्रदेश को न्याय, विकास और समावेशिता के पथ पर आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

दीनदयाल उपाध्याय जी का योगदान अमूल्य : पं. दीनदयाल उपाध्याय भारतीय जनसंघ के प्रखर विचारक थे, जिन्होंने राजनीति में सेवा और समर्पण का आदर्श स्थापित किया। उनका एकात्म मानववाद का सिद्धांत भारतीय संस्कृति, अर्थव्यवस्था और समाज की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप था। उनका सपना था कि भारत का हर नागरिक आत्मनिर्भर और सशक्त बने।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार दीनदयाल जी की अंत्योदय की नीति को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)
Back to top button