रायगढ़

रायगढ़ पुलिस का हरियाली संकल्प : फायरिंग रेंज में हुआ सघन वृक्षारोपण अभियान…

• मानसून की पहली बारिश के साथ पर्यावरण सुरक्षा की ड्यूटी पर जुटे पुलिस जवान...

रायगढ़, 22 जून 2025 — रायगढ़ पुलिस ने इस मानसून मौसम की पहली फुहार के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय पहल करते हुए एक नई मिसाल पेश की है। ग्राम उर्दना स्थित जिला पुलिस के फायरिंग रेंज परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाकर जवानों ने हरियाली का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक 500 से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जिनमें छायादार, औषधीय और फलदार प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। यह पहल न केवल पर्यावरण के प्रति पुलिस की जागरूकता को दर्शाती है, बल्कि समाज के लिए भी एक प्रेरणा है।

पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने रविवार सुबह स्वयं फायरिंग रेंज पहुंचकर जवानों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और श्रमदान करते हुए कहा,

“पुलिस केवल कानून व्यवस्था की ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिस्थितिक संतुलन की भी संरक्षक है। यह अभियान उसी सोच का विस्तार है।”

इस अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना परिसरों में भी पौधारोपण करें। उर्दना की 4.5 एकड़ भूमि पर फैले फायरिंग रेंज में पुलिस जवानों ने खुद अपने हाथों से पौधे लगाकर इस मुहिम को जनभागीदारी का स्वरूप दिया।

इसी दिन, रक्षित केंद्र और एसपी कार्यालय के जवानों द्वारा भी 200 अतिरिक्त पौधे रोपे गए। पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बांस की घेराबंदी और पशु-रोकथाम हेतु मेड तैयार की गई है। साथ ही हर जवान को कम से कम एक पौधे को गोद लेकर उसकी देखरेख की जिम्मेदारी दी गई है।

इस अवसर पर डीएसपी सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, उप निरीक्षक मनीराम सोनवानी समेत कई पुलिस अधिकारी और जवानों की सक्रिय उपस्थिति रही।

हर पौधा एक प्रहरी: पुलिस की नई सोच : रायगढ़ पुलिस की यह हरियाली मुहिम सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति उसकी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता का जीवंत उदाहरण है। आने वाले समय में यह पहल न सिर्फ जिले की जलवायु को सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगी, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाने का भी काम करेगी।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!