रायगढ़ पुलिस का भव्य फ्लैग मार्च, सुरक्षा और शांति का दिया संदेश…
रायगढ़, 4 फरवरी। चुनावी आचार संहिता लागू होते ही रायगढ़ पुलिस सतर्क मोड में आ गई है। कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में शहरभर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने पूरे शहर में गश्त कर यह स्पष्ट संदेश दिया कि शांति और कानून व्यवस्था से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं किया जाएगा।
शहरभर में दिखा पुलिस का दबदबा : फ्लैग मार्च की शुरुआत रामलीला मैदान से हुई, जो घड़ी चौक, हटरी चौक, सुभाष चौक, अग्रसेन चौक, शहीद चौक, हेमू कलानी चौक होते हुए चक्रधरनगर तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस की प्रभावी उपस्थिति से शहर सख्त कानून व्यवस्था के संदेश से गूंज उठा।
फ्लैग मार्च से पहले एसपी दिव्यांग पटेल ने पुलिस बल को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी और चुनावी माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा।
अधिकारियों और पुलिस बल की बड़ी भागीदारी : इस फ्लैग मार्च में सीएसपी आकाश शुक्ला, प्रशिक्षु आईपीएस हर्षित मेहर, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा, उत्तम प्रताप सिंह, सुशांतो बनर्जी, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रशांत राव, मोहन भारद्वाज, रामकिंकर यादव, हर्षवर्धन सिंह बैस, सीताराम ध्रुव, विजय चेलक समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल रहे।
जनता में बढ़ा आत्मविश्वास : फ्लैग मार्च के दौरान शहरवासियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया। आम नागरिकों ने इसे सुरक्षा का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस तरह की मुहिम से चुनावी माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहेगा।
रायगढ़ पुलिस का यह अभियान दर्शाता है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।