रायगढ़ : नवीन महिला थाना का शुभारंभ, महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती…

रायगढ़, 10 मार्च। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज रायगढ़ जिले के नवीन महिला थाना का वर्चुअल शुभारंभ किया। राजधानी रायपुर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, ओएसडी राहुल भगत, पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रायगढ़ सहित प्रदेश में अन्य नवीन महिला थानों के शुभारंभ की बधाई दी और इसे महिला सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
महिला सुरक्षा को मिलेगा और अधिक बल : राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के बजट में पांच नए महिला थानों की स्थापना की घोषणा की थी, जिसमें रायगढ़ का भी चयन किया गया। जिले में लंबे समय से महिला थाना की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। गृह मंत्री, वित्त मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों की पहल पर इसे बजट में शामिल किया गया और प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के मार्गदर्शन में इसका कार्य तेजी से पूरा किया गया।
कार्यक्रम की खास झलकियां : महिला थाना का संचालन महिला सेल भवन से किया जाएगा। वर्चुअल उद्घाटन के बाद रायगढ़ में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल की अध्यक्षता में शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों से रिबन कटवा कर थाने का विधिवत शुभारंभ कराया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले महिला सेल के माध्यम से महिलाओं की काउंसलिंग, शिकायतों की जांच जैसी प्रक्रियाएं संचालित की जाती थीं, लेकिन अब महिला थाना में ही अपराध दर्ज कर विवेचना एवं न्यायिक कार्यवाही की जाएगी। इससे महिला अपराधों की जांच प्रक्रिया तेज होगी और पीड़ितों को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ेगी।
महिला थाना की प्रमुख जिम्मेदारियां : नए महिला थाना का संचालन डीएसपी उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में होगा, जबकि थाना प्रभारी का दायित्व उपनिरीक्षक दीपिका निर्मलकर को सौंपा गया है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने आश्वासन दिया कि महिला थाना में पर्याप्त महिला बल एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि यहां शिकायत लेकर आने वाली महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित एवं सहज माहौल मिल सके।
उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता रहेगी कि महिला अपराधों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और पीड़ित महिलाओं को जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए।
प्रशासन एवं मीडिया की उपस्थिति : इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक साधना सिंह, सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक मोहन भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे सहित महिला थाना स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
महिला थाना के उद्घाटन के साथ ही रायगढ़ जिले में महिला सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। यह थाना महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।