जशपुर

मुख्यमंत्री ने बच्चों संग खेली होली, प्रेम और स्नेह के रंगों में सराबोर हुआ बगिया…

जशपुर। रंगों के उत्सव होली का उल्लास छत्तीसगढ़ में अपने चरम पर था, जब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गांव के नन्हे-मुन्ने साथियों के संग होली खेलकर इस पर्व को और भी खास बना दिया। बगिया के मंझापारा गांव में बच्चों की टोली जब मुख्यमंत्री के निवास पहुंची, तो माहौल एक पारिवारिक मिलन सा प्रतीत होने लगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों का आत्मीय स्वागत किया और खुद भी रंगों में सराबोर हो गए। उनकी सरलता और सहजता ने बच्चों को बेझिझक उनके करीब ला दिया। मुख्यमंत्री ने न केवल बच्चों से उनके हालचाल पूछे, बल्कि उनके साथ ठहाके लगाकर हंसी-ठिठोली भी की। बच्चों के चेहरे की खुशी इस बात की गवाही दे रही थी कि यह पल उनके लिए किसी उत्सव से कम नहीं था।

बच्चों ने उल्लासित होते हुए बताया कि वे पूरे गांव में होली खेलते हुए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। जब मुख्यमंत्री ने भी पूरे अपनत्व के साथ उनके संग रंग-गुलाल खेला, तो यह मिलन प्रेम, स्नेह और भाईचारे के रंगों से सराबोर हो गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा, “होली मेल-जोल, प्रेम और सौहार्द का पर्व है, जो समाज में भाईचारे को और भी प्रगाढ़ बनाता है। ऐसे उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखते हैं और हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं।”

बगिया में मुख्यमंत्री और बच्चों के बीच का यह होली उत्सव केवल रंगों का नहीं, बल्कि अपनत्व, स्नेह और खुशियों का उत्सव बन गया। इस यादगार मिलन ने होली के रंगों में और भी गहराई भर दी, जिसे न तो बच्चे भूल पाएंगे और न ही बगिया के लोग।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)
Back to top button