भगवान जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा कल, घरघोड़ा में भक्ति और उल्लास का माहौल…

घरघोड़ा। नगर में धर्म, श्रद्धा और आस्था का वातावरण चरम पर है। भगवान जगन्नाथ स्वामी की बहुड़ा यात्रा कल, शनिवार को परंपरागत श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में भव्य रूप से निकाली जाएगी। इस पावन अवसर को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह और आस्था का भाव देखा जा रहा है।
यह दिव्य रथयात्रा स्व. लोचन जनरल स्टोर से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों—जय स्तंभ चौक और सोसायटी रोड होते हुए झांपपारा पहुँचेगी। वहाँ से यात्रा आगे बढ़ते हुए गोंटिया पारा स्थित माता मंदिर परिसर में स्थित भगवान जगन्नाथ स्वामी के मूल मंदिर तक पहुँचेगी, जहाँ प्रभु को विधिपूर्वक पुनः विराजमान किया जाएगा।
इस धार्मिक अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित विद्वान पंडित कमलेश पंडा एवं पंडित गिरिधर पंडा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधियों के साथ पूजन-अर्चन सम्पन्न कराया जाएगा।
मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया है। रंग-बिरंगे पुष्पों, पारंपरिक बंदनवारों, दीपमालाओं और सजावटी प्रकाश से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। नगरवासी पूरे भक्ति-भाव से प्रभु के स्वागत की तैयारी में जुटे हैं।
प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा अन्य सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। नगर के विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण, पेयजल सेवा और अन्य सेवा कार्यों का आयोजन भी किया जाएगा।
यह बहुड़ा यात्रा न केवल एक धार्मिक परंपरा है, बल्कि सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। प्रभु जगन्नाथ के दर्शनों और रथयात्रा में सहभागिता से श्रद्धालु अत्यंत भावविभोर हो रहे हैं।