तेंदूपत्ता तोड़कर वापस लौट रहे 12 से अधिक बैगा आदिवासियों की सड़क हादसे में मौत ; दर्जन भर से अधिक लोग बुरी तरह घायल…

कबीरधाम। जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास तेंदूपत्ता तोड़कर वापस लौट रहे 12 से अधिक बैगा आदिवासियों की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। ये सभी जंगल से लौट रहे थे। रास्ते में पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर 20 फीट गड्ढे में पलट गई। वाहन में तकरीबन 25 से 30 लोग सवार होने की जानकारी मिल रही है।
दरअसल, ये घटना कवर्धा का कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास की है। सेमहारा गांव के लोग जंगल से तेंदूपत्ता तोड़कर वापस लौट रहे थे। लौटते समय इनका पिकअप अनियंत्रित होकर 20 फिट गड्ढे में पलट गया।
घटना में 12 से अधिक लोगों के मौत होने की बात कही जा रही है, जिनमे अधिकतर महिलाएं है जबकि 15 से अधिक लोग जख्मी बताये जा रहे हैं। ये सभी बैगा आदिवासी हैं। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की टीम और स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया वहीं, मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि थाना कुकदूर क्षेत्र के तहत ग्राम बाहपानी के पास पिकअप खाई में गिर गई है। ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने गए थे। सभी वापस आ रहे थे तभी ये हादसा हुआ है।