अम्बिकापुर

अंबिकापुर नगर निगम चुनाव: भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर, पोस्टर वार से गरमाया चुनावी माहौल…

अंबिकापुर। नगर निगम चुनाव को लेकर अंबिकापुर में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में पूरी ताकत झोंक रही हैं। डोर-टू-डोर जनसंपर्क के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी प्रचार अभियान जोरों पर है। इसी बीच भाजपा ने कांग्रेस प्रत्याशी और दो बार के महापौर डॉ. अजय तिर्की के खिलाफ पोस्टर वार छेड़ दिया है, जिससे चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है।

भाजपा का पोस्टर वार, कांग्रेस पर लगाए घोटाले के आरोप : भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है, जिसमें महापौर डॉ. अजय तिर्की को ‘जादूगर डॉक्टर’ बताया गया है। पोस्टर में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए लिखा गया है—
“पाइपलाइन गायब, हिसाब गायब और पानी गायब”
इसके साथ ही प्रधानमंत्री अमृत मिशन योजना के तहत 118 करोड़ के घोटाले का आरोप भी कांग्रेस पर लगाया गया है। इस पोस्टर के सामने आने के बाद अंबिकापुर की राजनीति और अधिक गर्मा गई है।

विकास के दावे, लेकिन चुनावी मुद्दे अलग : इस बार अंबिकापुर नगर निगम चुनाव में जनता के बीच टूटी सड़कें, जलभराव, सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां जनता को अपने पक्ष में करने के लिए अलग-अलग दावे कर रही हैं।

भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर : भाजपा ने इस बार मंजूषा भगत को अपना महापौर प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस से डॉ. अजय तिर्की तीसरी बार मैदान में हैं। भाजपा जहां विकास के मुद्दों पर कांग्रेस को घेर रही है, वहीं कांग्रेस अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाकर जनता से समर्थन मांग रही है।

डॉ. अजय तिर्की ने दिया जवाब : नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि “पिछले 10 वर्षों में अंबिकापुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। जनता के आशीर्वाद से हम फिर से जीत दर्ज करेंगे और अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे।”

चुनावी मुकाबला रोचक, जनता तय करेगी भविष्य : भाजपा के पोस्टर वार से चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब देखना यह होगा कि जनता इस चुनाव में किस पर भरोसा जताती है और अंबिकापुर नगर निगम की सत्ता की चाबी किसे सौंपती है।

Ambika Sao

( सह-संपादक : छत्तीसगढ़)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!