घरघोड़ा : आम के पेड़ पर फंदे से लटकती मिली युवक की लाश, महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखा मंजर…

रायगढ़। जिले के अंतर्गत आने वाले घरघोड़ा थाना क्षेत्र में आज सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ ग्राम बड़े गुमड़ा (खालेपारा) के रहने वाले एक 27 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पेड़ पर लटकता पाया गया। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या है पूरा मामला? – प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सरोज चक्रवर्ती (27 वर्ष), पिता घूरवा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सरोज कल शाम से ही घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार वाले उसकी तलाश कर ही रहे थे कि आज सुबह दिल दहला देने वाली खबर सामने आई।
सुबह महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखा शव – आज सुबह जब गांव के कुछ ग्रामीण महुआ बीनने के लिए पास के अमरैया क्षेत्र की ओर गए थे, तब उनकी नजर एक आम के पेड़ पर पड़ी। वहाँ सरोज का शव उसके ही गमछे के फंदे से लटका हुआ था। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांव के अन्य लोगों और मृतक के परिजनों को दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
परिजन सदमे में: पीछे छोड़ गया 2 साल का मासूम – मृतक सरोज की पहचान होने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि सरोज का विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व हुआ था। उसकी मौत के बाद उसकी पत्नी और दो वर्षीय मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच – ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद घरघोड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का बयान: “शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।”




