रिश्तों का कत्ल: जशपुर में 55 वर्षीय ‘नाना’ ने 13 साल की विशेष बच्ची से किया दुष्कर्म, पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा…

जशपुर। जिले के थाना दुलदुला क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक 55 वर्षीय कलयुगी शख्स ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए अपने ही पड़ोस में रहने वाली 13 साल की मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। पीड़िता आरोपी को ‘नाना’ कहकर संबोधित करती थी, लेकिन उस दरिंदे ने इस पवित्र संबोधन का गला घोंटते हुए मासूम के साथ दुष्कर्म किया।
सूनेपन का उठाया फायदा – मिली जानकारी के अनुसार, घटना 7 मार्च की है। पीड़िता अपनी बड़ी मां के साथ रहती है। शनिवार को जब उसकी बड़ी मां मजदूरी करने गई थी और घर पर कोई नहीं था, तभी आरोपी ने मासूम की बेबसी का फायदा उठाया। वह बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर के पास स्थित गौशाला में ले गया, जहाँ उसने इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया।
शाम को जब बड़ी मां काम से वापस लौटी, तो सहमी हुई बच्ची ने आपबीती सुनाई। बड़ी मां ने बिना देर किए दुलदुला थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी : मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जशपुर पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए :
- धाराएं : आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1), 65(1) और पॉक्सो एक्ट (POCSO) की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया।
- मेडिकल परीक्षण : पीड़िता का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
- गिरफ्तारी : पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 55 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसे सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी की जा रही है।
“मासूम और विशेष बच्चों के विरुद्ध अपराध बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।” – जशपुर पुलिस




