राजधानी में ‘जंगलराज’ : यूथ कांग्रेस नेता की कारों को फूंका, पेट्रोल डालकर वारदात को अंजाम देने की आशंका …देखें वीडियो…

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। डंगनिया क्षेत्र में देर रात यूथ कांग्रेस नेता विनोद कश्यप उर्फ भक्कू के घर के बाहर खड़ी दो लग्जरी कारों को अज्ञात उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। धू-धू कर जलती गाड़ियों की लपटों ने न सिर्फ इलाके में दहशत फैला दी है, बल्कि प्रदेश की सियासत में भी उबाल ला दिया है।
वारदात का ‘पैटर्न’ : पेट्रोल छिड़का और लगा दी आग??… घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। चश्मदीदों और शुरुआती जांच के मुताबिक, हमलावरों ने बड़ी ही सोची-समझी साजिश के तहत गाड़ियों पर पेट्रोल छिड़का और आग लगाकर फरार हो गए। जब तक आग पर काबू पाया जाता, गाड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं।
कांग्रेस का आक्रोश : ‘पुलिस सो रही, अपराधी घूम रहे’ – इस घटना के बाद विनोद कश्यप ने सीधे तौर पर पुलिस प्रशासन को निशाने पर लिया है। उन्होंने इसे सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता करार देते हुए कहा :
”राजधानी में अगर नेता सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा? यह पुलिस की घोर लापरवाही है।”
आज थाने का घेराव : बड़े आंदोलन की तैयारी – घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज दोपहर 12 बजे डीडीनगर थाने (महादेव घाट रोड) के घेराव का आह्वान किया गया है। भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की संभावना है, जिससे पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ना तय है।
जांच में जुटी पुलिस : फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिसने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।




