रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ : SSP शशि मोहन सिंह के तेवर सख्त, नशा तस्करों और जुआरियों में हड़कंप…

रायगढ़। जिले की कमान संभालते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ जंग छेड़ दी है। एसएसपी के कड़े निर्देश मिलते ही जिले की पुलिस ‘एक्शन मोड’ में आ गई है। बीते 24 घंटों के भीतर लैलूंगा और जूटमिल पुलिस ने गांजा तस्करी, अवैध शराब के जखीरे और जुए के अड्डों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर अपराधियों की कमर तोड़ दी है।
1. लैलूंगा में गांजा तस्करों की घेराबंदी: 4 किलो से ज्यादा गांजा जब्त – लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कुंजारा बस स्टैंड के पास जाल बिछाया। पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों – भेखराम यादव और रूपसिंह सिदार को दबोच लिया। इनके पास से 4.277 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹32,000), मोबाइल और नगदी बरामद की गई है। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है।
2. शराब माफिया पर प्रहार: 55 लीटर शराब और बाइक बरामद – अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई की हैं:
- लैलूंगा : पाकरगांव जंगल रोड पर बिना नंबर की मोटरसाइकिल में 45 लीटर कच्ची महुआ शराब खपाने की फिराक में खड़े आरोपी सकीरतन यादव को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
- जूटमिल : थाना प्रभारी प्रशांत राव की टीम ने ग्राम अमलीपाली में अजय रात्रे के घर दबिश देकर 10 लीटर अवैध शराब जब्त की। आरोपी घर से ही अवैध ठेका चला रहा था।
3. स्ट्रीट लाइट के नीचे चल रहा था जुआ, 3 गिरफ्तार : नहरपारा क्षेत्र में रात के अंधेरे में स्ट्रीट लाइट के नीचे दांव लगा रहे जुआरियों पर भी लैलूंगा पुलिस ने स्ट्राइक की। अलिम खान, अंकित सारथी और उमेश बढ़ाई को ताश के पत्तों और नगदी के साथ गिरफ्तार कर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
“अवैध धंधा करने वाले शहर छोड़ दें या अपराध”
SSP शशि मोहन सिंह ने अपराधियों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में नशा, अवैध शराब और जुआ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान अभी और तेज होगा और जो भी इसमें लिप्त पाया जाएगा, उस पर ऐसी कार्रवाई होगी जो नजीर बनेगी।




