बालोद

नगर पालिका राजहरा में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच हेतु भाजपा ने सौंपा ज्ञापन

एक सप्ताह के भीतर जांच व कार्यवाही नही तो होगा नगर पालिका का घेराव व उग्र आन्दोलन

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। दल्ली राजहरा नगर पालिका परिषद में नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा किए जा रहे मनमानी एवं सरकार के द्वारा शहर के विकास के लिए दी जा रही राशि का दुरुपयोग के संबंध में भाजपा मंडल के पदाधिकारियो ने कलेक्टर को अनुविभागी अधिकारी दल्ली राजहरा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। साथ ही दल्ली राजहरा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी इस अनियमितता के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि दल्ली राजहरा नगर पालिका क्षेत्र में कार्यों में नगर पालिका अध्यक्ष की मनमानी से भ्रष्टाचार किया जा रहा है एवं नपा अध्यक्ष शिबू नायर की निरंकुश प्रशासनिक व्यवस्था के कारण शहर में सफाई व्यवस्था नहीं के बराबर होने से डेंगू, मलेरिया जैसी गंभीर बीमारी बढ़कर फैल रही हैं, जिसके कारण शहर के लोग लगातार बीमार पड़ रहे है वही कई लोगो की जान जा चुकी है। नगर पालिका क्षेत्र में गंदगी से पनप रहे मच्छरों से बचाव के लिए दवाई छिड़काव के नाम पर भी स्तरहीन दवाइयां का छिड़काव किया जा रहा है।

बता दें कि नगर पालिका में नगर पालिका अध्यक्ष की गलत नीतियों एवं कमीशनखोरी के चलते नगर पालिका ठेका कार्य में जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा हैं एवं शासन की राशि का दुरूपयोग किया जा रहा है। जिसमे वार्ड क्र. 15 मनोहर आफिस से वार्ड क्र. 17 रूखमणी के घर तक आर सीसी नाली निर्माण बिना पूर्ण किये उसकी राशि का आहरण कर भ्रष्टाचार किया गया, जिसकी जांच भी करायी गयी थी। जांच रिपोर्ट में जांचकर्ता को बिना सूचना के जांच पूर्ण कर कार्य में किये गए भ्रष्टाचार को छिपाने का प्रयास किया गया है। भाजपा मंडल ने मांग की है कि इसकी पुनः जांच करवाई जाए।

वही वार्ड क्रमांक 24 में स्थित लाखो रूपये की लागत से बनाये जा रहे टाउन हॉल को निर्माण पूर्ण होने से पहले ही तोड़कर दोबारा लाखो रूपये की लागत से निर्माण कार्य कराया गया। जिसके बावजूद टाउन हॉल आज पर्यन्त तक पूर्ण नहीं हो सका है। उस स्थान को असामाजिक तत्वों का अड्‌डा व ठेकेदारों का गोदाम बना दिया गया है। पूर्व में बन रहे निर्माण को शासन के अनुमति के बिना तोड़कर शासन को लाखो रूपये का चूना लगाया गया है। उसी तरह वार्ड क्र. 19 में भी टाउन हॉल आज पर्यन्त तक अधूरा ही है जिसकी भी नियमत: जांच कराई जाए।

नगर पालिका अध्यक्ष शिबू नायर द्वारा अपने चहेते ठेकेदारों को लाभ दिलाने की मंशा से शहर के बीएसपी क्षेत्र में जगह जगह स्वच्छता के नाम पर पेवर ब्लॉक लगाया गया है जो कि जगह-जगह उखड़ गए हैं व जगह जगह धंस चुके है। जिसके कारण गंदगी फैल भी रही हैं एवं पानी का जमाव हो रहा है। पेवर ब्लॉक लगाने में भी गुणवत्ताहीन कार्य की भी जांच करवाई जाए। नगर पालिका में काऊ केचर होने के बावजूद दोबारा नया काऊ केचर खरीदा गया। उसका भी उपयोग नहीं किया जा रहा है। वही गोठान में गायो को नही रखा जाता। जिसके कारण आवारा पशु मुख्य मार्गो के साथ अन्य दूसरे मागों में बैठे रहते हैं जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। नगर पालिका क्षेत्र में सड़क निर्माण में किए भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए जांच करवाई जाए।

नगर पालिका राजहरा में मरम्मत के नाम पर लाखो रूपये का भ्रष्टाचार किया गया। बीएसपी क्वार्टर की भी मरम्मत कराई गई है, जिसकी सम्पूर्ण जांच करवाई जाए। नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा भाजपा पार्षदों के साथ भेदभाव करते हुए उनके वार्डो में कार्य नहीं कराया जाता है। जानबूझ कर उनके वार्डों में मरम्मत का कार्य नहीं कराया जाता अध्यक्ष निधि का उपयोग भी सबसे ज्यादा अपने ही वार्डो में कराया जाता हैं एवं पाइप लाइन के कार्यों में भी भारी भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

दल्ली राजहरा नगर पालिका परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार की नियमत: जांच करवाई जाए अन्यथा भाजपा मण्डल दल्ली राजहरा एक सप्ताह के भीतर नगर पालिका का घेराव कर धरना प्रदर्शन कर उग्र आन्दोलन के लिये बाध्य होगी। ज्ञापन देने के लिए इनकी उपस्थिति रही जिसमे भाजपा मण्डल राकेश द्विवेदी, मदन माइती, महेंद्र सिंह, संतोष देवांगन, सुरेंद्र बेहरा, रमेश गुर्जर, सोनु ठगेल, गिरधर सिन्हा , राजेश काम्बले श्रीजीत, दादू गुप्ता, विरेन्द्र साहु, मनन गुप्ता, राहुल शर्मा आदि मौजूद थे।

Feroz Ahmed Khan

संभाग प्रभारी : दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!