जन चौपाल में डॉ. सलीम राज का बड़ा बयान, बोले- मुसलमानों के एक हाथ में कुरान, दूसरे में कंप्यूटर होना चाहिए

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा में छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के चेयरमैन और कैबिनेट मंत्री डॉ. सलीम राज ने बीते शनिवार, 28 जून 2025 को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आयोजित “संकल्प से सिद्धि” कार्यक्रम में शिरकत की। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के सफल कार्यकाल के उपलक्ष्य में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मुस्लिम समुदाय के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सलीम राज ने मंच से संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक मुसलमानों के बीच यह भ्रम फैलाया कि वही उनकी सच्ची हितैषी है, जबकि सच्चाई इसके उलट है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मुसलमानों को मुख्यधारा में लाकर समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. राज ने कहा, “हम चाहते हैं कि मुसलमानों के एक हाथ में कुरान हो और दूसरे हाथ में कंप्यूटर, ताकि वे धार्मिक और तकनीकी दोनों रूप से सशक्त बन सकें।”
उन्होंने तीन तलाक कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रथा से सबसे ज्यादा मुस्लिम महिलाएं परेशान थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानून बनाकर उन्हें सम्मान और सुरक्षा दिलाई। डॉ. सलीम राज ने कहा कि भाजपा सरकार केवल राष्ट्र धर्म को मानती है, जिसमें सबका साथ और सबका विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि देश में सबकी तरक्की के लिए भाजपा लगातार काम कर रही है और अल्पसंख्यकों को भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
बीएसपी गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के अवसर पर राजहरा मस्जिद कमेटी के चुनाव और नेतृत्व परिवर्तन पर भी डॉ. सलीम राज ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि दल्ली राजहरा मस्जिद कमेटी के पूर्व मुतवल्ली (अध्यक्ष) शेख नय्यूम को बर्खास्त कर दिया गया था और वर्तमान में मुश्ताक अंसारी को मुतवल्ली का प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड द्वारा दल्ली राजहरा मस्जिद कमेटी के चुनाव समयानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराए जाएंगे, जिससे समुदाय के लोगों को मुतवल्ली चुनने का अवसर मिलेगा। जिससे शहर में मनगढ़ंत बातों और लोगों द्वारा लगाए जा रहे कयास पर विराम लग गया जिसमें भाजपा के किसी बड़े नेता के कहने पर राजहरा मस्जिद कमेटी के मुतवल्ली का चुनाव टाला जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और मुस्लिम समाज के लोगों ने डॉ. सलीम राज के विचारों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां सभी समाजों को साथ लेकर चलने वाली हैं और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
डॉ. सलीम राज ने अपने संबोधन के अंत में सभी को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा की सोच सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ता रहेगा और सभी समाजों को न्याय और सम्मान मिलेगा।