सड़क पर निकल आई लोहे की छड़े, यात्रियों की सुरक्षा पर संकट

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा बस स्टैंड के मुख्य द्वार पर निकली नुकीली लोहे की छड़ यात्रियों के लिए जानलेवा बनती जा रही है। हाल ही में एक मासूम बालिका इस छड़ से टकराकर गिर पड़ी, गनीमत रही कि उसके चेहरे पर कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस खतरनाक स्थिति के कारण पहले भी कई यात्री घायल हो चुके हैं।
इस अव्यवस्था के लिए नगर पालिका परिषद की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर के कार्यकाल में बस स्टैंड के रखरखाव में अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के कई आरोप भी सामने आए हैं। आपको बता दें कि इन्हीं के कार्यकाल ने राजहरा बस स्टैण्ड में सीमेंट क्रांक्रीटिंग की गई थी। नागरिकों ने वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष तोरण साहू से मांग की है कि वे बस स्टैंड की स्थिति का संज्ञान लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य करवाएं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह शीघ्र ही बस स्टैंड की मरम्मत और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं लोगों ने बस स्टैण्ड के मुख्य द्वार पर निकली लोहे की छड़ों पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर पर सवालिया निशान खड़े कर दिए है। उनका कहना है कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार के राक्षस ने अपनी सारी हदे पार कर दी है। पूर्व कार्यकाल ने हुए अनियमितता और भ्रष्टाचार की जांच के लिए हाल ही के दिनों में दुर्ग से जांच दल दल्ली राजहरा आया हुआ था। वहीं उन्होंने संबंधित स्थान पर जाकर जांच पड़ताल भी की थी। अब आगे देखना होगा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार द्वारा पूर्व में हुए भ्रष्टाचार पर क्या कार्यवाही की जाती है या मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।