भगवान परशुराम जी का प्रकाट्योत्सव 30 अप्रैल को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा

फिरोज अहमद खान (पत्रकार)
बालोद। जिले के दल्ली राजहरा शहर में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्राह्मण समाज दल्ली राजहरा के तत्वावधान में भगवान विष्णु के छठवें अवतार परशुराम जी का भव्य प्रकाट्योत्सव 30 अप्रैल 2025, दिन बुधवार को श्रद्धा और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन स्थानीय श्रमवीर चौक के समीप वार्ड क्र.22 स्थित ब्राह्मण समाज भवन में आयोजित होगा।
पावन वैशाख शुक्ल पक्ष, अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर आयोजित इस आध्यात्मिक आयोजन की शुरुआत प्रातः 9:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार व धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना से होगी। इसके पश्चात सुंदरकांड पाठ एवं श्री हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया जाएगा। धार्मिक वातावरण में हवन, आरती और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में दोपहर 1:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक भव्य महाप्रसाद एवं सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया है। जिसमें समाज के लोगों को सादर आमंत्रित किया गया है।
ब्राह्मण समाज दल्ली राजहरा ने अपने समस्त सदस्यों से अपील की है कि वे भगवान परशुराम जी के प्रकाट्योत्सव में सहपरिवार अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर आयोजन को सफल बनाएं और पुण्य लाभ अर्जित करें। समाज के इस आयोजन से धार्मिक भावना के साथ ही सामाजिक एकता और समरसता को भी बल मिलेगा।