रायगढ़

घरघोड़ा : सरेआम घसीटा, पीटा, बेइज्जत किया ; अब न्याय की गुहार लगा रहा है पीड़ित, मगर आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं…

रायगढ़।जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें भूपदेवपुर निवासी जगमोहन साहू उर्फ़ राजा साहू को सरेआम बुरी तरह पीटा गया, घसीटा गया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार, वह 30 अप्रैल को अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल होने घरघोड़ा गया हुआ था। उसी शाम नवापारा चौक पर घरघोड़ा निवासी यश सिन्हा, रितेश गुप्ता एवं अन्य ने उस पर छेड़खानी का झूठा आरोप लगाते हुए बर्बर हमला कर दिया। न सिर्फ उसे बुरी तरह पीटा गया, बल्कि कान का पर्दा फाड़ देने तक की चोट पहुंचाई गई, फिर उसे जबरन दोपहिया वाहन से बांधकर सड़क पर घसीटा गया — यह सब सार्वजनिक रूप से हुआ, जहां भीड़ तमाशबीन बनी रही।

घटना यहीं नहीं थमी। आरोपियों ने इसके बाद जगमोहन साहू के रिश्तेदार ओमप्रकाश साहू के घर पर चल रहे वैवाहिक कार्यक्रम में जबरन घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और बदसलूकी की। इस कृत्य से न सिर्फ पीड़ित बल्कि पूरा परिवार मानसिक रूप से टूट चुका है।

पीड़ित की हालत इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। प्राथमिक उपचार के बाद जब थोड़ा स्वास्थ्य सुधरा, तब जाकर पीड़ित ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। मगर सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी संगीन और शर्मनाक वारदात के बाद भी आरोपी अब तक खुलेआम घूम रहे हैं?

पीड़ित का यह भी कहना है कि घटना योजनाबद्ध थी और उसे बदनाम करने तथा सामाजिक रूप से मिट्टी में मिलाने की नीयत से अंजाम दी गई।

अब सवाल यह है कि :

  • क्या कानून कमजोर लोगों के लिए नहीं है?
  • क्या ऐसे अपराधियों को खुला छोड़ना समाज में गुंडागर्दी को बढ़ावा नहीं देता?
  • क्या प्रशासन तब तक सोता रहेगा जब तक कोई जान नहीं चली जाती?

RM24 इस जघन्य घटना की निंदा करता है और प्रशासन से मांग करता है कि :

  1. आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो,
  2. पीड़ित को पर्याप्त सुरक्षा और इलाज की व्यवस्था दी जाए,
  3. महिलाओं के साथ की गई बदसलूकी पर अलग से FIR दर्ज हो।

यदि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो समाज में अराजकता और दहशत का माहौल गहराता जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!