गौ सेवा रत्न अलंकरण महोत्सव : राज्यपाल रमेन डेका ने गौशाला में की पूजा, संतों को किया सम्मानित…

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई। जिले में आज गौ सेवा रत्न अलंकरण महोत्सव का ऐतिहासिक आयोजन हुआ, जिसमें राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने मनोहर गौशाला में पहुंचकर गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की और गौ आरती में शामिल होकर श्रद्धालुओं को गौ सेवा का संकल्प दिलाया।
पूजा-अर्चना के बाद राज्यपाल ने गौशाला परिसर का भ्रमण किया और वहां चल रही गौ सेवा एवं संरक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौशाला प्रबंधन और ग्रामीणों से चर्चा कर गौ रक्षा और संवर्धन को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
गौभक्तों और संतों का हुआ भव्य सम्मान : महोत्सव के दौरान गौ सेवा में समर्पित संतों और समाजसेवियों को ‘गौ सेवा रत्न’ सम्मान से नवाजा गया। राज्यपाल ने गौशाला में सेवा कर रहे गौ सेवकों की प्रशंसा करते हुए समाज में गौ संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा, “गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि यह पर्यावरण संतुलन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। गौ माता का संरक्षण करना हमारा सांस्कृतिक और सामाजिक कर्तव्य है।” गौशाला परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने इस भव्य आयोजन का जोश और उल्लास के साथ स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में गौ माता के जयकारों और मंत्रोच्चारण से दिव्य माहौल बन गया, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया।
गौ सेवा रत्न अलंकरण महोत्सव ने न केवल गौ संवर्धन और संरक्षण की अलख जगाई, बल्कि समाज में गौ माता के महत्व को भी नए आयाम दिए।